जोधपुर.
रातानाडा थाना पुलिस ने व्हॉट्सऐप पर ग्रुप बनाकर शेयर बाजार में निवेश करने का झांसा देकर लाखों रुपए ऐंठने के मामले में मुम्बई से एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी के बैंक खाते में एक महीने में 1.75 करोड़ रुपए की साइबर ठगी का लेन-देन मिला है।
थानाधिकारी दिनेश लखावत ने बताया कि ईस्ट पटेल नगर निवासी कालूराम रांकावत ने गत वर्ष 10 जुलाई को 15.30 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला दर्ज कराया था। आराेप है कि कालूराम व्हॉट्सऐप पर एक ग्रुप से जुड़ा था, जिसमें शेयर बाजार में निवेश करने की सूचनाएं आती थी। जिनमें निवेश करने पर 5 से 10 प्रतिशत बढ़ोतरी का भरोसा दिलाया जाता था। कुछ कम्पनी के शेयर की कीमत में बढ़ोतरी होने से कालूराम को भरोसा हो गया। वह भी शेयर बाजार में ट्रेडिंग करने लग गया था। उससे एक फर्जी ऐप से एकाउंट खुलवाया गया। पीडि़त ने 25.30 लाख रुपए शेयर बाजार में निवेश कर दिए थे। उसे 10 लाख रुपए वापस भी दिए गए थे। जिससे उसे भरोसा हो गया था। पीडि़त ने दूसरी बार राशि निकालने का प्रयास किया, लेकिन रुपए नहीं मिले। जबकि ऐप में 71 लाख रुपए बैलेंस दिखाया जा रहा था। ठगों ने यह राशि दूसरे आइपीओ में समायोजित कर ली। उस पर 5-7 लाख रुपए और जमा करवाने का दबाव डाला गया। इस दौरान एक नए आइपीओ से तीन लाख रुपए के शेयर और जारी कर दिए गए थे। जिससे पीडि़त को ऐप के नकली होने का अंदेशा हुआ। जांच करने पर ऑरिजनल ऐप का दूसरा रंग होने का पता लगा।
जांच के दौरान पुलिस ने ठगी की राशि जमा होने वाले बैंक खातों की जांच की। इससे मिले सुराग के आधार पर मुम्बई के स्वराज जितेन्द्र कथिन की भूमिका सामने आई।उप निरीक्षक शिवदेवराम के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल भवानी सिंह व सुभाष सिंह और कांस्टेबल मोहनराम मुम्बई पहुंचे, जहां तलाश के बाद मुम्बई के अंधेरी वेस्ट निवासी स्वराज जितेन्द्र कथिन 30 को हिरासत में लिया। जोधपुर लाकर पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
आरोपी पर देशभर में 35 शिकायतें दर्ज
पुलिस ने आरोपी स्वराज जितेन्द्र कथिन का बैंक खाते की जांच की तो चौंक गई। उसके खाते में पिछले एक महीने में एक करोड़ 75 लाख रुपए का लेन-देन हो रखा था। जो संभवत: साइबर ठगी की राशि थी। आरोपी के खिलाफ देशभर में साइबर ठगी की 35 शिकायतें दर्ज हैं। पीडि़त कालूराम से ठगी के छह लाख 30 हजार रुपए आरोपी के बैंक खाते में जमा हुए थे।