राजसमंद. प्रदेश में जल्द ही 499 पशु चिकित्सा उप केन्द्र खोले जाएंगे। राज्य सरकार ने इसके लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है। हालांकि राजमसंद और कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 9 केन्द्र खुलेंगे। इससे पशुपालक लाभान्वित होंगे। इसके साथ ही 998 नवीन पदों का सृजन भी किया गया है। पशुपालन विभाग की ओर से पशुपालकों का पशुओं के उपचार के लिए सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत गत दिनों मोबाइल वैन का शुभारंभ किया गया। पशुपालक के लिए ट्रोल फ्री नम्बर भी जारी किया गया था। इसके साथ ही चिकित्सा तंत्र को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने बजट में प्रदेश में 499 नए पशु चिकित्सा उपकेन्द्र खोलने की घोषणा की थी। पशुपालन एवं गोपाल मंत्री जोराराम कुमावत ने इसके लिए निर्देश जारी किए। इसके तहत प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृत भी जारी कर दी गई है। ऐेसे में जल्द ही पशु उपकेन्द्र खुलने की उम्मीद है।
पशुधन सहायक और पशुधन परिचर के पद सृजित
मंत्री कुमावत ने इन उप केंद्रों के सुचारू संचालन के लिए पशुधन सहायक और पशुधन परिचर के कुल 998 पदों के सृजन की भी स्वीकृति जारी की है, जिससे पशुओं के टीकाकरण आदि की सुविधा तथा अन्य छोटी मोटी समस्याओं का इलाज समय पर और नजदीक ही मिल सकेगा। सभी उप केंद्रों पर आवश्यक उपकरणों और फर्नीचर आदि के लिए 30-30 हजार रुपए की स्वीकृति जारी की गई है।
दो पशु चिकित्सालय खोले जाने की स्वीकृति जारी
पशु चिकित्सा सेवा को सुदृढ़ बनाने के लिए पिछले एक साल में सरकार ने 25 प्रथम श्रेणी के पशु चिकित्सालयों को बहुद्देशीय पशु चिकित्सालय में, 50 पशु चिकित्सालयों को प्रथम श्रेणी चिकित्सालयों में और 100 पशु चिकित्सा उप केंद्रों को पशु चिकित्सालयों में क्रमोन्नत किया है। साथ ही दो नए पशु चिकित्सालय खोले जाने की भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
यहां खोले गए उप केन्द्र
पशुपालन विभाग के उप सचिव संतोष खारोल की ओर से जारी सूची के अनुसार बाडमेर के 52, जोधपुर के 31, जालोर के 34, उदयपुर के 27, पाली के 49, बीकानेर के 24, चित्तौडगढ़़ और भरतपुर के 22-22, अजमेर के 20, झालावाड़ के 19, भीलवाड़ा के 17, डूंगरपुर के 15 तथा जैसलमेर, करौली और प्रतापगढ़ के 13-13 उप केंद्र खोले जाएंगे। पूर्व में एक उप केंद्र खोले जाने की स्वीकृति दी जा चुकी है।
राजसमंद में यहां खुलेंगे उपकेन्द्र
पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. पुरुषोत्तम पत्की के अनुसार कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में गवार, थुरावड़, मोरचा, अंटालिया, बनोकड़ा में उपकेन्द्र खोले जाएंगे। इसी प्रकार राजसमंद विधानसभा क्षेत्र के पड़ासली, महासतियों की मादड़ी, खटामला और मुण्डोल में उपकेन्द्र खोले जाएंगे। राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने पशुपालन मंत्री कुमावत का धन्यवाद ज्ञापित किया।