– मौसम विभाग ने आगामी दिनों में शीतलहर की चेतावनी दी
जयपुर। राजधानी जयपुर में इन दिनों गलनभरी सर्दी पड़ रही है। इससे लोग धूजते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि राजधानी जयपुर में आज सुबह धूप खिली, लेकिन गलन का अहसास भी लोगों को हुआ। वहीं प्रदेश के कई जिलों में आज कोहरा छाया रहा। प्रदेश के पूर्वी और शेखावाटी अंचल में सर्दी के तीखे तेवर जारी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में सर्दी का जोर बढ़ेगा। हिमाचल व जम्मू-कश्मीर में बर्फवारी से मौसम में ठंडक बढ़ेगी। कई स्थानों पर कोहरा भी छाया रहने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में तापमान नीचे चल रहा है। करीब 11 जिलों में तापमान करीब 5 से 10 डिग्री के बीच है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में तापमान गिरा है, लेकिन वहां अभी सर्दी के तेवर नरम ही हैं। वहीं राजधानी जयपुर में आज सुबह गलनभरी सर्दी दिखाई दी। हालांकि गुलाबी नगर के तापमान में बढ़ोतरी हुई है और आज सुबह तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस रहा। बावजूद इसके गलनभरी सर्दी से लोग परेशान दिखाई दिए।
मौसम विभाग ने दी चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में सर्दी व गलन बढ़ने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में प्रदेश के कई जिलों में कोल्ड अटैक बढ़ेगा। इस कारण लोग तीखी सर्दी के कारण धूजते हुए नजर आएंगे। वहीं कई जिलों में घना कोहरा छाने की भी संभावना है।