स्वर्णनगरी की कलात्मक सुंदरता, ऐतिहासिक इमारतें और मनमोहक लोकेशन प्री-वेडिंग शूट्स के लिए देश-विदेश के युगलों को आकर्षित कर रही हैं। हर साल लगभग 1,000 प्री-वेडिंग शूट्स यहां हो रहे हैं, जिससे शहर को 15 करोड़ रुपए की अतिरिक्त आय हो रही है। युगल इन लोकेशंस पर फिल्मी अंदाज में अपनी यादें संजोते हैं और शादी के निमंत्रण के तौर पर इन फोटोज व वीडियोज का इस्तेमाल करते हैं। जैसलमेर केवल प्री-वेडिंग शूट तक सीमित नहीं है। शाही शादियों और डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए भी यह स्वर्णनगरी प्रमुख केंद्र बन चुकी है। इस शादी सीजन में डेस्टिनेशन वेडिंग्स से लगभग 60 करोड़ रुपए की आय का अनुमान है। शानदार होटल, महलनुमा रिसॉट्र्स, और यहां की परंपरागत राजस्थानी मेहमाननवाजी इसे शादियों के लिए एक परफेक्ट डेस्टिनेशन बनाती है।
पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा
प्री-वेडिंग और वेडिंग शूट्स से स्थानीय फोटोग्राफरों और होटल व्यवसायियों को बड़ा फायदा हो रहा है। पर्यटन व्यवसायी प्रथमेश व्यास बताते हैं कि युगल यहां 2-3 दिन रुककर आसपास के दर्शनीय स्थलों का आनंद लेते हैं। इससे होटल, कैटरिंग, ट्रांसपोर्ट और अन्य सेवाओं में रोजगार के अवसर बढ़े हैं। साथ ही, स्वर्णनगरी की खूबसूरती दुनिया भर में प्रसिद्ध हो रही है, जिसका सकारात्मक प्रभाव सामान्य पर्यटन पर देखने को मिल रहा है।