– उर्स मेले तक बाजार में व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत
अजमेर.ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती के 813 वें उर्स के मद्देनजर नगर निगम ने भी दरगाह के आसपास के बाजारों की सुध ली है। गुरुवार को निगम की टीम ने धानमंडी तांगा स्टेंड से निजाम गेट तक दरगाह बाजार में दुकानों के आगे लगे अस्थायी अतिक्रमण हटाए। दल ने नला बाजार से होते हुए मदार गेट तक अस्थायी अतिक्रमण ध्वस्त किए। निगम प्रशासन ने दुकानदारों से भी मेले तक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने को कहा है। निगम के पुलिस निरीक्षक व अतिक्रमण प्रभारी डॉ रविश सामरिया ने बताया कि निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए दुकानों के बाहर लगे अतिक्रमण हटाए। इस दौरान तख्ते, लोहे के फ्रेम,इन पर रखा सामान, निजाम गेट के सामने फूलों की दुकानों के आगे लगे तख्ते व लकड़ी के पट्टे आदि को जब्त कर निगम के ट्रॉली वाहनों में डाला।
दुकानदारों ने जताया विरोध, बाजार किए बंद
कार्रवाई की जानकारी मिलते ही कई दुकानदारों ने अपनी दुकान को समेट कर शटर बंद कर दिया। इस दौरान दुकानदार बाहर बैठे रहे। नला बाजार में अतिक्रमण हटाने की सूचना मिलने पर व्यापारियों ने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। इस दोरान दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर मूक दर्शक बन खड़े नजर आए। कुछ दुकानदारों का कहना था कि मेले के समय इस प्रकार की कार्रवाई से ग्राहकी प्रभावित होती है।
अतिक्रमण प्रभारी डॉ.सामरिया ने बताया कि उर्स की व्यवस्थाओं को लेकर नगर निगम ने गुरुवार को धान मंडी से दरगाह बाजार होते हुए नला बाजार से मदार गेट तक अस्थाई अतिक्रमण को हटाया है। आगामी दिनो में भी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि उर्स मेला समाप्त होने तक दुकानों के बाहर सामान नहीं रखने की हिदायत दी है ताकि जायरीन की आवाजाही प्रभावित न हो। भीड़ के दबाव के चलते दुकानों के बाहर रखे सामान गिर सकते हें या खो सकते हैं ऐसे में विवाद के हालात उत्पन्न होते है। इसके चलते दुकानदारों को नियमों की पालना की हिदायत दी गई है। अन्यथा अगले चरण में दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।