जयपुर. ग्रामीणों इलाकों में चोरों का नेटवर्क इतना तेज हो गया है कि अगर कुछ देर घर सूना रहा गया तो वहां चोरी की वारदात को अंजाम देकर बदमाश निकल जाते हैं। अब ग्रामीण इलाकों में भी चोरी की वारदातों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। सोमवार शाम फुलेरा थाना इलाके के सुरसिंहपुरा गांव में चोर बिजली गुल होते ही एक सूने मकान में घुसकर महज आधा घंटे में लाखों की नकदी व जेवरात चोरी कर ले गए। परिवार के लोग शादी से लौटे तो सामान बिखरा देखकर होश उड़ गए।
जानकारी के मुताबिक गांव जैतपुरा तिराहे पर मोहन लाल जांगिड़ का पूरा परिवार सोमवार शाम शादी समारोह में गया था। सात बजे बिजली गुल हो गए। अंधेरे का फायदा उठाकर चोर दीवार कूद कर मकान में घुस गए। चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ सभी कमरों सहित रखी आलमारियों से नकदी व लाखों रुपए के आभूषण चुराकर बिजली आने से पहले महज आधा घंटे में हाथ साफ कर गए। जब परिवार के लोग शादी में शामिल होकर घर लौटे तो सामान बिखरा देख गश खा गए। शोर शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्रित हुए और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। थानाधिकारी बाबूलाल ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई।
सड़क पर जाकर रुक गए डॉग
मंगलवार को डॉग स्क्वायड टीम भी पहुंची लेकिन पुलिस को चोरों के बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस के डॉग चोरों के पद चिन्हों के पीछे इधर-इधर घूमते रहे फिर मुख्य सड़क पर जाकर रुक गए। मंगलवार को पीड़ित मुकेश कुमार ने फुलेरा थाने में मामला दर्ज कराया कि चोर पांच लाख 25 हजार की नकदी, करीब पांच तोला सोना, तीन किलो चांदी चोरी कर ले गए। वहीं लोगों ने घटना को लेकर रोष जताया और जल्द खुलासा किए जाने की मांग की।
आसलपुर में चोरी की वारदात
आसलपुर. शादी के सीजन में घर सूना छोड़ना लोगों को भारी पड़ रहा है। परिवार के लोगों के शादी में जाते ही चोर मकान में आकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। आसलपुर की जाजोरा की ढाणी में चोर सूने मकान से नकदी व जेवरात चोरी कर ले गए। लक्ष्मी नारायण जाजोरा का परिवार शादी में गया था। जब लौटा तो मकान के ताले टूटे मिले और नकदी व जेवरात गायब थे। चोर चांदी की पायजेब, सोने की नथ, सोने की अंगूठी, दो चांदी के सिक्के व 50 हजार की नकदी चोरी कर ले गए।