अंता के वृद्धाश्रम में वृद्ध से मारपीट, संचालक पर लगे आरोप, पुलिस ने की समझाइश

घर से दुखी होकर पहुंचे बुजुर्गों को नहीं मिल रहा सुकून

अंता. सरदार कॉलोनी स्थित वृद्धाश्रम पर पानी भरने को लेकर हुई मामूली कहासुनी के मामले में वृद्ध जमनालाल बैरवा के साथ आश्रम संचालिका द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस आश्रम का संचालन सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग द्वारा अनुदानित राशि से लोक विकास समिति करती है। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और समझाइश की गई।

यह है मामला

घटना शनिवार रात्रि की है। मामूली कहासुनी व पानी भरने के विवाद को लेकर वृद्ध के साथ आश्रम संचालिका ने मारपीट कर दी। सूचना पाकर अंता पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली। साथ ही आश्रम संचालिका से समझाइश की। इसके बाद घायल वृद्ध को अंता उप जिला चिकित्सालय लाया गया। यहां उसका इलाज कर उसे वृद्धाश्रम भेजा गया। वहां रह रहे वृद्धों से बातचीत करने पर पता चला कि उनके साथ इस तरह की घटनाएं आएदिन होती रहती हैं। प्रकरण के बाद वृद्ध आश्रम के आसपास निवास करने वाले लोगों ने भी यहां रह रहे वृद्धों के साथ आए दिन हो रहे अन्याय की शिकायत कई बार पुलिस को की है।

मामले की सूचना पाकर वृद्धा आश्रम पहुंचे तो घटना की तस्दीक हो गई। घटनाक्रम की जांच को लेकर डिप्टी डायरेक्टर को सूचना दे दी गई है। साथ ही उपखंड अधिकारी को भी इससे अवगत करा दिया गया है।
सत्यनारायण शर्मा, तहसीलदार अंता

वृद्ध आश्रम में रह रहे जमुनालाल बैरवा पिछले 5-6 दिनों से रोज यहां रह रही अन्य महिलाओं के साथ मारपीट व गाली-गलौच कर रहा था। घटना वाले दिन भी इसी तरह का मामला था। घटना के बाद वृद्धाश्रम में रह रहे वृद्ध और महिला को मैंने समझाया भी था।
निर्मला शाक्यवाल, वृद्धाश्रम संचालिका

Leave a Comment