–आउटडोर की ओर कम होगी रेलमपेल, आज से निर्माण शुरु होने की उम्मीद
मौजूदा सड़क खोदी, बल्लियां लगाकर रोका रास्ता
अजमेर. जवाहरलाल नेहरू अस्पताल भवन के नगीना बाग से लगते पिछले हिस्से में नई सड़क बनेगी। सड़क निर्माण मुख्य मार्ग से ऑक्सीजन प्लांट तक किया जाएगा। इसके लिए मौजूदा सड़क की खुदाई की जाकर मलबा हटाया जा रहा है। फिलहाल बल्लियां लगाकर इस रास्ते से आवाजाही रोक दी गई है।
संभवत: सोमवार से सड़क का काम शुरू हो जाएगा। इसके बनने पर मुख्य आउटडोर पर मरीजों के वाहनों का दबाव व मरीजों की भीड़ कम हो जाएगी।जानकारी के अनुसार नगीना बाग रोड सीताराम मंदिर के सामने से जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय की मोर्चरी तक जा रही सड़क नई बनने के बाद वाहनों की पार्किंग होने के साथ ही मरीजों को भी आवाजाही का मार्ग मिल सकेगा।
यहां अस्पताल कार्यालय, एमआरआई, सिटी स्केन, बिजली विभाग का ग्रिड स्टेशन,स्टोर, रूम, पीएम रूम आदि हैं। एक्सरे सहित कई विभागों के लिए जाने वाले रोगी यहां से अस्पताल में प्रवेश कर सकेंगे। इससे रेडक्रॉस के सामने वाहनों व मरीजों का दबाव कम हो सकता है।पिछवाड़े में भी दो गेटनगीना बाग छोर से वाहनों का प्रवेश व निकास भी सुगम हो सकता है। यहां वाहन खड़े किए जा सकेंगे जिससे मुख्य आउटडोर पर दबाव कम होने की उम्मीद है।