छह घंटे चला रेस्क्यू पर नहीं बची बोरवेल में गिरे मासूम की जान

– देर रात साढ़े दस बजे मासूम को निकाला बाहर, तब तक टूट चुका था दम

बाड़मेर जिले के रागेश्वरी थाना क्षेत्र के अर्जुन की ढाणी (छोटू) में बुधवार शाम को साढ़े तीन साल का मासूम 150 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। परिजनों की सूचना पर रेस्क्यू के लिए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने ग्रामीणों की मदद से मासूम बच्चे को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जो रात साढ़े दस बजे पूरा हो गया। बच्चे को बाहर निकाला तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी। एसडीएम केशव मीणा ने बताया कि देर रात बच्चे को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो गई थी। शव का गुरुवार को पीएम करवाया जाएगा।

बोरवेल छोड़ा खुला, मासूम गिरा अंदर

रागेश्वरी थानाधिकारी आदेशकुमार ने बताया कि अर्जुन की ढाणी में नए बोरवेल का काम चल रहा था। इस दौरान पुराने बोरवेल से मोटर खोलकर ले गए। इस बीच बोरवेल खुला रह गया और पप्पूराम का साढ़े तीन साल का पुत्र नरेश गिर गया। सूचना पर प्रशासन व पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बच्चे को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। सूचना के बाद एसडीएम केशव मीणा, गुड़ामलानी डिप्टी मदनसिंह, थानाधिकारी आदि मौके पर पहुंचे।

कैमरे की मदद से देखा मूवमेंट

प्रशासन ने यहां एक टीवी लगाकर उससे कैमरा कनेक्ट किया है। कैमरा रस्सी के जरिए बोरवेल में उतारा गया। इसमें बच्चे के मूवमेंट को देखा गया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से बाहर निकालने के प्रयास शुरू हुए। लेकिन ऑपरेशन पूरा हुआ तो टीम को निराशा हुई कि मासूम को बचा नहीं पाए।

Leave a Comment