astrology apps: युवा अब बिना ज्योतिषी के शरण में आए, एस्ट्रो ऐप्स से जान रहे अपना भविष्य

जयपुर. युवा पीढ़ी अपने जीवन के विभिन्न पहलुओं जैसे कॅरियर, शिक्षा, स्वास्थ्य और रिश्तों को लेकर चिंतित रहती है। यही कारण है कि, आजकल युवा एस्ट्रो ऐप्स का सहारा ले रहे हैं, ताकि वे बिना ज्योतिषी की मदद के खुद ही अपना भविष्य जान सकें। इन ऐप्स पर जन्म तिथि, नाम और स्थान के आधार पर जन्म कुंडली, राशिफल और ग्रहों की स्थिति के बारे में जानकारी मिल रही है। साथ ही, उन्हें उचित उपाय भी बताए जा रहे हैं।

अजमेर रोड स्थित निजी कंपनी के सीईओ मुदित गुप्ता ने बताया कि, उनके प्लेटफॉर्म पर पिछले छह महीने में 10 लाख से अधिक युवा जुड़ चुके हैं। ये ऐप्स पूरी तरह नि:शुल्क हैं और युवा कॅरियर, रिश्तों और अन्य विषयों को लेकर सबसे ज्यादा सवाल पूछते हैं। जयपुर में 2,000 से अधिक ज्योतिषी इन ऐप्स पर काम कर रहे हैं, जो व्यक्तिगत राशिफल, ग्रहों की स्थिति और कुंडली का विश्लेषण करते हैं। जयपुर के दो हजार से अधिक ज्योतिषी अलग-अलग ऐप्स पर कार्य कर रहे हैं। हालांकि इससे पहले ज्योतिषियों का ऑनलाइन इंटरव्यू लेने के बाद उन्हें ऐेप से जोड़ा जाता है।

‘महत्वपूर्ण फैसले केवल भविष्यवाणी पर न लें’

ज्योतिषाचार्य मोहनलाल शर्मा ने बताया कि इन ऐप्स में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे युवाओं को मानसिक शांति और मार्गदर्शन मिल रहा है। कई युवा इन ऐप्स के जरिए आत्मविश्वास से अपने जीवन के फैसले लेने में सक्षम हो रहे हैं। ये ऐप्स दैनिक रिमाइंडर की सुविधा भी प्रदान करते हैं, ताकि उपयोगकर्ता ज्योतिषीय अपडेट्स से जुड़े रहें। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि जीवन के महत्वपूर्ण फैसले केवल भविष्यवाणियों के आधार पर नहीं लेने चाहिए। ज्योतिषी निलेश शास्त्री और टैरो कार्ड रीडर अमृता शर्मा ने बताया कि ज्यादातर युवा शादी, कॅरियर और रिश्तों को लेकर चिंतित रहते हैं। एस्ट्रो ऐप्स में कुंडली मिलान की सुविधा भी उपलब्ध है, जो खासकर युवा जोड़ों को रिश्तों को लेकर आत्मविश्वास और दिशा प्रदान करती है।

Leave a Comment