कोटपूतली-बहरोड. जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि जयपुर रेंज आईजी अजय पाल लांबा के निर्देशानुसार छह माह से अधिक लंबित प्रकरणों में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाकर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में बानसूर पुलिस ने पिछले डेढ़ साल से फरार चल रहे फायरिंग के मुख्य आरोपी अजीत सिंह यादव को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की।
ये है मामला
पुलिस के अनुसार 5 अप्रेल 2023 की रात को रामपुरा गांव निवासी पवन यादव के घर पर फायरिंग की घटना घटी थी। पवन यादव अपने परिवार के साथ घर में खाना खा रहे थे तभी मोटरसाइकिल पर सवार छह अज्ञात बदमाश घर में घुस गए और उन पर फायरिंग कर दी। पवन यादव और उनके परिवार ने किसी तरह कमरे में छिपकर अपनी जान बचाई। घटना के दौरान गांव वालों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन उन्होंने गांव वालों पर भी फायरिंग कर दी और फरार हो गए। शिकायतकर्ता पवन यादव ने पुलिस को बताया कि घटना के कुछ समय पहले अजीत यादव से उनका विवाद हुआ था, जिसमें अजीत ने उन्हें धमकी दी थी। इसी संदेह के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा व उपाधीक्षक बानसूर राजेंद्र बुरडक़ के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेंद्र मलिक के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखते हुए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य एकत्रित किए। मुखबिरों की सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपी अजीत यादव पुत्र रामस्वरूप यादव (31वर्ष) निवासी कानपुरा थाना बानसूर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि अजीत यादव ने अपने पड़ोसी पवन यादव से आपसी विवाद के चलते हरियाणा से तीन और बानसूर से दो बदमाशों को हायर कर फायरिंग करवाई थी। प्रकरण में संलिप्त दो अन्य आरोपियों रजनेश कुमार उर्फ रजनीश यादव पुत्र श्योराम यादव (21वर्ष) निवासी ढ़ाणी चंदूवाली बानसूर व संदीप यादव पुत्र मुखराम यादव (20वर्ष) निवासी बुराला की ढाणी बानसूर को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया गया था। आरोपी से अब मामले में पुलिस द्वारा अन्य आरोपियों की जानकारी सहित विस्तृत पूछताछ जारी है।