स्वर्णनगरी में दिन में भी चमकदार धूप का दौर अब बीत गया है और सुबह और रात के समय ठंड का असर अब पूरी तरह से महसूस होने लगा है। जैसलमेर के आकाश में रविवार को घना कोहरा छाया रहा, जो धूप निकलने तक जारी रहा। शहर के अधिकतम और न्यूनतम दोनों तरह के तापमान में गिरावट का दौर जारी है। रात के समय ठंडी हवाओं के बहने से सर्दी का असर गहराता महसूस हो रहा है वहीं दोपहर में धूप अब सता नहीं रही है और घरों में पंखों की हवा भी शीतल लग रही है। कूलर व एयरकंडीशनर तो लगभग बंद हो ही चुके हैं। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 30.5 और न्यूनतम 16.9 डिग्री सै. रहा। जो गत शनिवार को क्रमश: 31.7 और 17.8 डिग्री रहा था। इस तरह से पहली बार न्यूनतम तापमान इस मौसम में 17 डिग्री से नीचे उतरा है। इधर सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों के साथ ही पर्यटकों को ठंडक ने प्रभावित करना शुरू कर दिया है। बगीचों में पेड़-पौधों की वजह से शीतलता ज्यादा महसूस होती है। कई स्कूली बच्चों को उनके अभिभावक हल्के गर्म कपड़े पहना कर स्कूल भेजने लगे हैं। दूसरी ओर देर रात किसी कार्यवश घर से निकलने वाले लोग भी ऊनी वस्त्रों व शॉल आदि का सहारा लेने लगे हैं।
धुंध में छिपा शहर
इधर रविवार को कोहरे की चादर पहली बार खासी घनी नजर आई। जिससे किले के ऊपर से विहंगम दृष्टि से देखने पर शहर का निचला हिस्सा दूर तक धुंध में छिपा हुआ नजर आया। ठंडी हवाओं के कारण लोगों को अब गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। रेडिमेड वस्त्रों की दुकानों पर गर्म व ऊनी कपड़ों की मांग सामने आ रही है। इस बार दुकानदारों को उम्मीद है कि देर से आई सर्दी का मौसम आगामी तीन-चार महीनों में लगातार जारी रहेगा।