शंकर पटेल/गींगला. सलूम्बर विधानसभा में गत नवम्बर 2023 में विधानसभा आम चुनाव हुए थे। जहां आम जनता ने अपना विधायक भाजपा समर्थित अमृत लाल मीणा को चुना। जिसमें मेवल क्षेत्र की 18 ग्राम पंचायतों के 55 बूथों से 4,642 वोटों की कांग्रेस से लीड थी। विधायक के निधन के बाद करीब एक साल बाद हुए विधानसभा उप चुनाव में मतदान प्रतिशत और आंकडे करीब-करीब वहीं रहे। ऐसे में वर्तमान में पूरी विधानसभा में आमजन चुनाव के परिणाम पर चर्चा कर रहे है। हालांकि असली तस्वीर तो 23 नवम्बर को चुनाव के परिणाम आने पर ही स्पष्ट होगी। इस बार त्रिकोणीय संघर्ष के चलते सभी की नजरें मेवल क्षेत्र पर ही टीकी रही। कारण यह कि मेवल क्षेत्र में एसटी वर्ग के साथ ओबीसी, सामान्य वर्ग बाहुल्य वाले क्षेत्र भी अधिक होने से उनका झुकाव जिस ओर होगा, वह पार्टी बढ़त लेगी।
उप चुनाव के मतों का गणित
सलूम्बर विधानसभा के मेवल क्षेत्र में 18 ग्राम पंचायत है। जिनमें 55 बूथों पर कुल 54,455 में से 36,208 वोट पडे है। ऐसे में करीब-करीब आंकडा बराबर है। इस क्षेत्र का 69.50 प्रतिशत मतदान रहा। सर्वाधिक मतदान उथरदा में 3140, सराडी में 2996, गुडेल में 2786, कांट में 2534, गींगला में 2331, ईडाणा में 2356, गावडापाल में 2330 मत हुआ। साथ ही अन्य मैथूडी में 1739, जवारडा में 875, खरका में 1052, प्रतापपुरा में 1621, कडूणी में 1946, ओरवाडिया में 2083, करावली में 1970, माकडसीमा में 1932, घाटी में 914, चिबौडा में 1965 और ईसरवास में 1638 ने मतदान किया।
मतदान में महिलाओं में दिखा उत्साह
मेवल क्षेत्र में मतदान को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह नजर आया। 55 मतदान केंद्रों में 31 बूथों पर महिला मतदाताओं ने पुरुषों की तुलना में अधिक मतदान किया। वहीं, दो मतदान केन्द्र 114-खरका मध्य भाग में 279- 279 तथा 115-लोदा बायां भाग में 248-248 बराबर मतदान हुआ। 142-दोलपुरा में 421 वोट पुरुष तो 420 वोट महिलाओं ने डाले। ऐसे में मेवल क्षेत्र में महिलाएं मतदान में आगे रही। इसका एक कारण यह भी रहा कि अधिकांश पुरुष काम धंधा या नौकरी के लिए बाहर थे। लेकिन महिलाओं ने घर के काम के साथ लोकतंत्र के प्रति अपना फर्ज निभाया।
नौ बूथ पर 75 प्रतिशत से अधिक मतदान
मेवल क्षेत्र में भाग संख्या 111-रतनपुरा पंचायत कांट में सर्वाधिक 83.99 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, 106-जेतपुरा पंचायत गुडेल में 81.71 प्रतिशत मतदान हुआ। डईला, कांट दाया भाग, लोदा बायां भाग, दांतरडी, ओरवाडिया बायां भाग, करावली मध्य भाग और मोटावत तलाई केन्द्र पर 75 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। इधर, सबसे कम भाग संख्या 118-गींगला मध्य पर 42.22 प्रतिशत, 112-खरका दाया भाग 44.95, 114-खरका मध्य भाग में 46.77, 104-गुडेल दायां भाग में 47.75 और 99-उथरदा दायां भाग में 48.96 प्रतिशत मतदान रहा।