बड़ाखेड़ा.रबी की फसल बुवाई का के लिए किसानों को खाद की जरूरत है। किसानों को खाद के लिए भटकना पड रहा है। सोमवार को पापडी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सहकारी समिति में खाद आने की सूचना पर तडक़े पंचायत
भवन पर किसानों की भीड लगाना शुरू हो गई। किसान सुबह से ही पंचायत भवन के गेट के सामने बैठने लग गए। इसके चलते पापड़ी, जाड़ला,नयागांव,खेड़ली देवजी सहित आसपास के गांवों के किसान भी खाद के लिए आ पहुंचे। भीड़ अधिक होने पर लाखेरी पुलिस मौके पर पहुंची। खाद लेने पहुंचे किसानों ने बताया कि राशन कार्ड, आधार कार्ड आदि दस्तावेज लेकर खाद के कट्टे का टोकन दे रहे हैं। एक राशन कार्ड पर एक कट्टा खाद दे रहे हैं, जिसके चलते खाद की समस्या बनी हुई है। गेहूं, चना,सरसों, धनिया आदि फसलों के लिए खाद की जरूरत है।
घरेलू काम छोड़ कतार में नजर आई महिलाएं
खाद आने की सूचना पर पापडी पंचायत मुख्यालय पर किसान पहुंचे तो महिलाएं भी खाद के लिए पहुंची घण्टों तक लाइन में खडी होकर अपनी बारी का इंतजार करती रही। ज्यादा देर खड़े रहने से एक महिला को चक्कर आने से नीचे गिर गई, जिसको घर भेजा गया। महिलाओं ने बताया कि खाद के लिए रोकाना भटकना पड रहा है, जहां भी सूचना मिलती हैं, वहीं पहुंच जाते है, लेकिन जगह से तो खाली हाथ वापस आना पड़ता है।
फसल बुवाई में हो रही देरी
किसान प्रेमशंकर मीणा, रामराज मीणा ने बताया की टेल क्षेत्र के किसानों को न तो नहरी पानी समय पर मिला और न ही खाद। जहां खाद आने की सूचना आती है, किसान वहां पहुंच जाता है और घण्टों तक अपनी बारी का इंतजार कर रहे है। खाद की किल्लत के चलते किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। फसल को तैयार करने के लिए पानी व खाद दोनों ही नहीं मिल रहे।