Rajasthan By Poll: ‘जनता में डर पैदा हो रहा है’, चुनाव से एक दिन पहले टीकाराम जूली ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप

Rajasthan By Election 2024: राजस्थान में सात विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए बुधवार को वोटिंग होनी है। चुनाव से ठीक एक दिन पहले अलवर कांग्रेस ने एक अहम प्रेसवार्ता की। इसमें कांग्रेस के पदाधिकारियों ने भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाए। एआईसीसी महासचिव जितेंद्र सिंह और राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।

‘लोगों को बेवजह गिरफ्तार कर रहे हैं’

राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जूली ने कहा कि जिन क्षेत्रों से कांग्रेस को अच्छे वोट मिलते हैं, वहां निर्दोष लोगों को बेवजह गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस 151 धारा के तहत लोगों को गिरफ्तार कर बाद में रिहा कर रही है, ताकि भय का माहौल बनाया जा सके।

जितेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा निर्दोष लोगों को बेवजह बंद किया जा रहा है, जिससे जनता में डर पैदा हो रहा है। जितेंद्र सिंह ने यह भी कहा कि न केवल राजस्थान में, बल्कि पूरे देश में जहां-जहां चुनाव हो रहे हैं, वहां इस प्रकार के हालात बनाए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें : SI भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग: 48 घंटे बाद पानी की टंकी से उतरे युवक, किरोड़ी लाल मीणा ने दिया ये आश्वासन

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस स्थिति से लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है और यह सीधे-सीधे भाजपा का सत्ता का दुरुपयोग है। उन्होंने चुनाव आयोग से इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है ताकि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित हो सके।

रामगढ़ में आमने-सामने की टक्कर

गौरतलब है कि रामगढ़ सीट पर बीजेपी के सुखवंत सिंह और कांग्रेस के आर्यन खान के बीच सीधी टक्कर है। यहां चुनाव प्रचार के तरीके और समीकरणों के हिसाब से कांग्रेस मजबूत दिखाई दे रही है। इसके अलावा दिवंगत विधायक जुबैर खान के परिवार के प्रति सहानुभूति फेक्टर भी कांग्रेस के के पक्ष में जाता हुआ नजर आ रहा है।

दरअसल, राजस्थान की सात सीटों झुंझुनू, दौसा, देवली-उनियारा, खींवसर, चौरासी, सलूंबर और रामगढ़ पर उपचुनाव के लिए मतदान 13 नवंबर को होगा और नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें : Rajasthan By Election: उपचुनाव के लिए थमा प्रचार, 7 सीटों पर कौन आगे, कौन पीछे? यहां जानें पूरे समीकरण

Leave a Comment