अंता-सीसवाली मार्ग पर किया प्रदर्शन, टैंकर पहुंचे तब हटे
सीसवाली. कालूपुरा बस्ती की महिलाओं ने पेयजल की समस्या को लेकर रविवार को अन्ता-सीसवाली मार्ग पर जाम लगाकर एक घण्टे तक प्रर्दशन किया। समझाइश के बाद जाम हटाया गया। एक सप्ताह से बस्ती में पेयजल आपूर्ति समय पर नही होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड रहा था। मोहल्ले के लोगों ने उच्च अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया, इसके बाद भी जब समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र हो गए और जाम लगाकर प्रदर्शन किया।
यह है मामला
रविवार सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक आक्रोशित लोगों ने खाडी नदी की बाइपास पुलिया पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। थाना अधिकारी बाबूलाल मीणा ने मौके पर पहुचकर समझाइश की। मौके पर सहायक अभियंता स्वाति गर्ग ने पहुंचकर आश्वासन दिया कि रविवार शाम तक दुरस्त पड़ी लाइन को ठीक करवाकर सोमवार से पेयजल की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दो टैंकर लगाकर पेयजल उपलब्ध करा दिया जाएगा। आश्वासन के बाद महिलाओं ने जाम हटाया। उसके बाद एक घण्टे तक रोड से एक साइड मे बैठकर पानी के टैकर का इंतजार किया। टैकर जब बस्तियों में पहुंचा तो जाम हटाया गया। जाम लगने के कारण मार्ग पर दोनों ओर वाहनों का जमावड़ा लग गया था।