झालरापाटन. पशुपालन विभाग, जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग एवं नगर पालिका के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित राज्य स्तरीय चंद्रभागा कार्तिक मेले मे बुधवार को बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में भूखंडों के लिए आवंटन प्रक्रिया शुरू हुई।
झालरापाटन. पशुपालन विभाग, जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग एवं नगर पालिका के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित राज्य स्तरीय चंद्रभागा कार्तिक मेले मे बुधवार को बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में भूखंडों के लिए आवंटन प्रक्रिया शुरू हुई।
मेला अधिकारी एवं पशुपालन संयुक्त निदेशक डॉ. टी.एबंसोड एवं उनकी टीम के अलावा उपखंड अधिकारी अभिषेक चारण, पुलिस उप अधीक्षक हर्षराज सिंह खरेड़ा, थानाधिकारी हंसराज मीणा की मौजूदगी में मेले में कोट, कपड़ा, पशु साज सज्जा बाजार में दुकान लगाने के इच्छुक दुकानदारों को आवेदन पत्र उपलब्ध करवा कर इन्हें निर्धारित शुल्क के साथ जमा किया गया। इन बाजार में भूखंडों के लिए गुरुवार दोपहर 12:30 बजे से शुरू होगी। बोली स्थल पर बिचौलियों के प्रवेश पर रोक लगाने को लेकर परिसर के दोनों गेट पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस कर्मियों ने दुकानदारों की पहचान करने के बाद ही इन्हें बोली स्थल पर जाने के लिए अनुमति दी जहां से इन दुकानदारों ने आवेदन पत्र लेने के बाद इन्हें भर कर वापस काउंटर पर जमा करवाया।
मेला अधिकारी ने बताया कि 8 व 9 नवंबर को मनिहारी, मेन बाजार, होजरी बाजार के लिए आवेदन लिए जाएंगे जिनकी बोली 9 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे बाद शुरू होगी। उन्होंने बताया कि बोली में भूखंड का अन्य कोई दावेदार नहीं होने पर आवेदक को पिछले वर्ष की राशि पर 10 प्रतिशत राशि बढ़ाकर भूखंड का आवंटन किया जाएगा। मेले में फुटपाथ पर बैठने वाले दुकानदारों के लिए अलग से बाजार विकसित किया जा रहा है।
दूर-दूर से आए दुकानदार
मेले में दुकानों के लिए आवेदन पत्र लेने के लिए झालरापाटन व झालावाड़ के अलावा मुंबई, बांद्रा, दिल्ली, आगरा, कानपुर, कोटा, सांगोद, बारां सहित दूर दराज तक के दुकानदारों ने भाग लिया। कोटा का दशहरा मेला समाप्त होने के साथ ही वहां के दुकानदार अपनी दुकानों के सामान लेकर यहां पहुंचना शुरू हो गए हैं और उनका यहां पर आना लगातार जारी है।
मेले मे सफाई का रखें ध्यान
नगरपालिका अधिशासी अधिकारी हेमेंद्र कुमार सांखला ने दुकानदारों से मेले को पूरी तरह से इको फ्रेंडली बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि दुकानदार अपनी दुकानों पर डस्टबिन रखें और एकत्र कचरे को नगर पालिका के कचरा वाहन में डालकर मेला परिसर को साफ सुथरा बनाए रखें।
उद्घाटन 12 को
मेला अधिकारी ने बताया कि चंद्रभागा कार्तिक मेले का उद्घाटन कार्यक्रम 12 नवंबर को सुबह मेला मैदान स्थित रंगमंच पर आयोजित किया जाएगा। फूड जोन प्रस्तावित। मेला अधिकारी ने बताया कि मेले में इस बार जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की मंशा के अनुरूप नवाचार किया गया है जिसमें मेला स्थल पर अलग से ही फूड जोन प्रस्तावित किया है जिसके लिए चार ब्लॉक अलग से आरक्षित किए हैं। इस फूड जोन में झालावाड़ जिले में बनने वाली प्रसिद्ध खाद्य वस्तुओं की स्टाल व दुकाने लगाई जाएगी। इससे जिले के उत्पाद की दूर-दूर तक पहचान कायम की जा सके और इन दुकानदारों और उद्यमियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
छाया पानी की उचित व्यवस्था नहीं
जिला प्रशासन एवं पशुपालन विभाग ने भूखंड आवंटन स्थल पर आवेदन करने वाले और बोली लगाने वाले दुकानदारों के लिए पीने के पानी की उचित व्यवस्था नहीं किए जाने से दुकानदारों को प्यास के मारे परेशान रहना पड़ा।