Winter in Rajasthan: जयपुर। वातावरण में नमी कम होने से राजस्थान में दीपावली के बाद सुबह-शाम की सर्दी बढ़ने लगी है। प्रदेशभर में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही हैं। रात का पारा 15 डिग्री से कम दर्ज किया जा रहा है। सोमवार को सबसे कम रात का पारा फतेहपुर में 12.7 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा सिरोही में न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम केन्द्र के अनुसार राजस्थान में 7-8 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इससे तापमान में मामूली और गिरावट हो सकती है। हालांकि, कड़ाके की ठंड की शुरुआत होने में अभी 8-10 दिन या उससे ज्यादा समय और लग सकता है।
सीकर में मामूली धुंध, बढ़ने लगी सर्दी
सीकर में अलसुबह मामूली धुंध के कारण लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आने लगे हैं। सीकर में सोमवार सुबह से मौसम शुष्क रहा। दिन में नमी कम होने के कारण तल्ख धूप के बावजूद तापमान में बढ़ोतरी नहीं हुई। शाम को दिन ढ़लने से पहले ही सर्दी में इजाफा होने लगा। फतेहपुर में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और सीकर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री व न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार चार दिन मौसम शुष्क रहने के आसार है। जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा।
इन जगहों पर रात का पारा इतना
अजमेर में रात का न्यूनतम तापमान 17.3, भीलवाड़ा में 16.9, वनस्थली में 17.2, अलवर में 15.8, पिलानी में 16, सीकर में 13.2, गंगानगर में 17.1, अंता व बारां में 16.5, संगरिया में 14.6, जालौर में 16.6, करौली में 15.9 और माउंट आबू में 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें: Ekal Patta Case: धारीवाल को लेकर राजस्थान सरकार का यू-टर्न, पहले दी क्लीन चिट, अब SC में कही बड़ी बात
जानें कब पड़ेगी कड़ाके की ठंड?
मौसम विभाग की मानें तो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 15 नवंबर के बाद उत्तरी भारत से गुजरेगा और इसके बाद हवाओं का रूख बदलेगा। ऐसे में न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट होगी। इसके बाद राजस्थान में कड़ाके की ठंड पड़ना शुरू होगा।
यह भी पढ़ें: मुफ्त गेहूं मिलने को लेकर आई बड़ी खबर, राशन कार्ड धारकों को लगा झटका