रेलवे नाला निर्माण की सुस्त चाल, खलती में से पानी की निकासी नहीं

– शहर के बड़े नालों के पानी को नहीं मिल रहा रास्ता- नगर परिषद ने नहीं कराई सफाई, जमी हुई सिल्ट

धौलपुर. बरसात के दिनों में शहर के बड़े नालों का पानी रेलवे लाइन की दूसरी तरफ नहीं निकलने से गंदा पानी बैक मारने से यहां स्टेशन रोड स्थित आसपास की कॉलोनियों में भर गया। पानी निकासी नहीं होने की मुख्य वजह रेलवे का नाला निर्माण नहीं होना रहा। पुराने नाले की तरफ जा रहे पानी के बहाव को ठेकेदार की ओर से मिट्टी डालकर रोक दिया गया था। शहर में हाहाकार मचने पर जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने स्वयं रेलवे नाले का जायजा लिया और मिट्टी को हटवा कर निकासी शुरू कराई लेकिन बाद में वापस रास्ते को बंद करने से पानी रुक गया। बरसात थमने के बाद भी स्थिति में खास सुधार नहीं हुआ है। नाला निर्माण की गति कछुआ चाल की रफ्तार से चल रही है, फिलहाल नाले से पानी निकासी की उम्मीद संभव नहीं लग रही है।

दो बड़े नालों का जाता है पानी

शहर के दो बड़े नालों का गंदा पानी खलती से होकर रेलवे के पुराने नाले की तरफ जाता है। बता दें कि जगह चौराहे से कोर्ट कैम्पस में होकर एक बड़ा नाला निकल रहा है। इसमें एक बड़े हिस्से का पानी आता है जो स्टेशन रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला के पीछे से खलती की तरफ जाता है। इसी तरह दूसरा नाला गडरपुरा मोहल्ला की तरफ से आता है जो बाग भवा साहब वाडे के पीछे की तरफ से होकर खलती में जाकर मिलता है। दोनों नालों का पानी यहां से रेलवे नाले की तरफ जाता है लेकिन निर्माण कार्य के चलते निकासी बंद होने से खलती में जलभराव हो रहा है।

गंदे पानी से लबालब हुई खलती

पानी निकासी नहीं होने से वर्तमान में पुरानी भारती टॉकीज के पीछे खलतियां गंदे पानी से लबालब हैं। जबकि दिवाली के बाद खलतियों में पानी कम हो जाता था लेकिन इस दफा ये पानी से भरी हुई हैं। इन्हीं खलतियों में होकर पीछे की तरफ कच्चा नाला जा रहा है जो रेलवे के नाले की तरफ जाता है लेकिन निर्माण कार्य के चलते गंदा पानी खलतियों में जमा हो गया है। वहीं, पिछले दो साल से इस कच्चे नाले की सफाई नहीं होने से इसमें गंदगी भरने से भी पानी निकासी में दिक्कत आ रही है।

टे्रक क्रॉस करके बन रहा है नाला

बता दें कि रेलवे की ओर से आगरा-ग्वालियर रेलवे लाइन को क्रॉस यहां पर नया नाला बनाया जा रहा है। क्रक्रीट से बन रहा नाला अभी अधूरा पड़ा है, लोहे डाले जालों में अभी तक कंक्रीट नहीं भरी गई है और न ही नाले की छत बनकर तैयार हुई है। यह नाला गंगापुरसिटी की बिछ रही नई रेलवे लाइन को भी क्रॉस करेगा।

Leave a Comment