इस बात को लेकर रात में ATM लूटने गया था, तभी पहुंची पुलिस और दबोचकर ले गई

जयपुर। एक व्यक्ति जब ऑनलाइन गेम में रुपए गवां चुका तो उसने एटीएम लूट की योजना बना डाली। वारदात के समय पुलिस को जानकारी मिली तो पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को दबोच लिया। मामला सीकर के राधाकिशनपुरा स्थित आरटीओ रोड पर त्रिमूर्ति मंदिर के पास लगे बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम का है। जहां आरोपी को एटीएम को तोड़कर लूट करने के प्रयास में उद्योग नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी से पुलिस ने कई औजार भी बरामद किए हैं। फिलहाल उद्योग नगर थाना पुलिस गिरफ्तार आरोपी से मामले में पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने बताया कि रात को करीब 12:40 बजे बैंक ऑफ बड़ौदा की एटीएम कंपनी के कंट्रोल रूम से पुलिस थाने पर सूचना मिली कि राधाकिशनपुरा इलाके के आरटीओ रोड पर त्रिमूर्ति मंदिर के पास लगे एटीएम में कोई छेड़छाड़ कर रहा है। सूचना पर थाने के कांस्टेबल बीरमाराम को सूचना दी गई, जिस पर हेड कांस्टेबल जाप्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। एटीएम के शटर को खोलकर देखा तो एक युवक अंदर से निकलकर भागने लगा, जिसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। आरोपियों के पास से एटीएम खोलने के औजार सहित अन्य सामान बरामद कर थाने पर लाया गया और मुकदमा दर्ज किया गया।

गिरफ्तार आरोपी नागौर जिले के जायल तहसील के तंवरा गांव निवासी मनोज कुमार पुत्र ओमप्रकाश जाट है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि मनोज कुमार अपने दोस्तों से करीब डेढ़ लाख रुपए उधार लेकर ऑनलाइन गेमिंग में हार चुका है। उधार को चुकाने के लिए आरोपी ने एटीएम तोड़कर लूट का प्लान बनाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Comment