Mosam : दीपावली पर मौसम का मिजाज बदला, अलसुबह हल्की सर्दी तो दिन गर्म रहा

– आज राजधानी जयपुर में पटाखे चलने से मौसम गर्माएगा

जयपुर। राजधानी जयपुर में आज मौसम का मिजाज बदला-बदला सा नजर आया। जहां अलसुबह मौसम में हल्की ठंडक दिखाई दी, वहीं धूप निकलते ही मौसम में गर्माहट महसूस हुई। आज दीपावली का त्योहार है। ऐसे में पटाखे भी जमकर चलेंगे। इससे होने वाले प्रदूषण से मौसम में फिर गर्माहट बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दीपावली के बाद मौसम में सर्द होने की संभावना है और तेज सर्दी का दौर शुरू होने की संभावना है। उन्होंने बताया, दीपावली के बाद उत्तरी हवाओं के जोर से सर्दी बढ़ेगी।

जानकारी के अनुसार, शाम को आतिशबाजी से पिंकसिटी धमाकों के शोर से गूंजने वाली है वहीं आतिशबाजी के चलते शहर में अगले दो दिन मौसम भी त्योहार की खुशियों में चार चांद लगाएगा। मौसम विभाग ने जयपुर समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में आज आसमान साफ रहने और मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।

पिछले 24 घंटे में जयपुर समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन में मौसम शुष्क रहा। हालांकि सूर्यास्त के बाद मौसम में हल्की ठंडक महसूस हुई लेकिन दिन में पारा सामान्य से 4-5 डिग्री अधिक रहने के कारण फिलहाल गुलाबी सर्दी की रफ्तार पर ब्रेक लगे हुए हैं। वहीं मौसम विभाग ने भी अगले दो तीन दिन प्रदेशभर में मौसम का मिजाज शुष्क रहने की संभावना जताई है जिसके चलते दीपावली पर भी अभी गर्म कपड़ों की जरूरत लोगों को महसूस नहीं हो रही है। वहीं दो तीन दिन बाद प्रदेश के अधिकांश भागों में पारे में गिरावट शुरू होने और मौसम का मिजाज सर्द होने की संभावना है।

जयपुर-पिलानी में तापमान बढ़ा

जयपुर और पिलानी में पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। वहीं पश्चिमी मैदानी इलाकों में भी दिन में पारा सामान्य से ज्यादा ही दर्ज हुआ। हालांकि बीती रात ज्यादातर जिलों में रात के तापमान में आंशिक गिरावट होने पर सुबह शाम में हल्की ठंडक महसूस हुई । मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड राज्य के उपरी पहाड़ी इलाकों में अगले सप्ताह बर्फबारी शुरू होने की संभावना है। ऐसे में प्रदेश के मैदानी इलाकों में भी पहाड़ों की सर्दी का असर लोगों को जल्द महसूस होने वाला है। विंड पैटर्न बदलने और पुरवाई हवाएं तेज गति से चलने पर भी प्रदेश में दिन और रात के तापमान में तेजी से गिरावट होने पर सर्दी का जोर बढ़ने के आसार हैं।

Leave a Comment