Diwali Celebration : देवी लक्ष्मी का पूजन कर मांगी समृद्धि, महिलाओं ने किया दीपदान

पंच महापर्व के मुख्य पर्व दीपावली की खुशियां गुरुवार को बरसी। मन से अंधियारे के बादल छंट गए और खुशियों का अपार उजास छा गया। सुबह से ही शहरवासी देवी लक्ष्मी की अगुवानी को तत्पर नजर आए। रंग-बिरंगी रोशनी, सजावट के बीच देवी लक्ष्मी की अगुवानी की। शुभ मुहूर्त में धन धान्य की देवी का पूजन कर सुख-समृद़िध की कामना की। सुबह से देर शाम तक पूजा-अर्चना का दौर जारी रहा।

इस वर्ष ज्योतिषाचार्यों ने पूजन के कई मुहूर्त निकाले। कहीं लोगों ने सुबह की बेला में तो कहीं दोपहर व कहीं देर रात तक पूजन किया। फल-फूल, नैवेद्य, देवी को चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की। पूजन इत्यादि कर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी। बड़ों का आशीर्वाद लिया। इस दौरान शहर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग नजर आया।महिलाओं ने किया दीपदानशाम को महिलाओं ने दीप दान किया। घर-घर व देहरी पर दीप रखने के बाद आसपड़ौस में भी दीप रखे। संध्या होने से पहले ही महिलाओं ने दीपदान की तैयारी कर ली थी। फिर देर तक दीपदान चला। महिलाओं ने मंदिरों में भी दीपदान किया।

नजर आई देर रात तक आतिशी रंगत

देवी लक्ष्मी का पूजन, दीपदान के साथ आतिशी रंगत से महापर्व का उत्साह परवान चढ़ा। महिला, बच्चे व युवाओं ने जमकर आतिशबाजी की। देर रात तक धूम धड़ाका होता रहा। कहीं बच्चे रंग बिरंगी रोशनी, फुलझड़ी, पटाखे चलाते नजर आए तो कहीं युवा तेज कर्कश आवाज के पटाखों के साथ उत्साहित दिखे। इस दौरान कई युवाओं ने आतिशबाजी भी की। इससे आसमान रंग-बिरंगी रोशनी, तारों सितारों से नहाया नजर आया।

शुभकामना संदेश और मनुहार

दीपावली के महापर्व पर पूजा अर्चना कर एक दूसरे से मिलने पहुंचे। एक दूसरे को शुभकामनाएं दी। इस दौरान नमकीन व मिष्ठानों के साथ मनुहार का दौर भी चला। मोबाइल पर सुबह से ही शुभकामना संदेश भेजने का क्रम चलता रहा। दूरदराज स्थानों पर रहने वाले अपनों को लोगों ने मोबाइल पर भी शुभकामनाएं दी।

बाजारों में दिखी भीड़

बाजारों में भी पर्व की रौनक नजर आई। शहर के प्रमुख मार्ग व बाजारों में जगह-जगह सजी विभिन्न दुकानों पर सुबह से ही भीड़ रही। खील, बताशे, दीपक, पूजन सामग्री, गन्ना, सजावटी सामग्री समेत अन्य वस्तुओं की दुकानों पर खासी रौनक नजर आई। कपड़ा, किराना, सजावट व उपहार, मिष्ठान आदि दुकानों पर जमकर खरीदारी हुई।

मंदिरों में मनी दिवाली

किशोरपुरा दरवाजा स्थित देवी लक्ष्मी के मंदिर के पट दिन भर खुले रहे। श्रद्धालुओं ने देवी के दर्शन कर सुख समृद्धि की कामना की। सुबह अभिषेक के साथ ही मंदिर के पट दर्शनार्थियों के लिए खोल दिए गए। शाम को संध्या आरती में मंदिर जयकारों से गूंजा। रात को दीपोत्सव मनाया गया। बड़ी संख्या में लोग दर्शन को पहुंचे।

आतिशबाजी की दुकानों पर उत्साह

महापर्व को देखते हुए जगह-जगह पटाखों की दुकानें सजी । इन पर खरीदार का दौर चला। रात तक लोग पटाखे खरीदते दिखे। दुकानदार व्यस्त नजर आए। बच्चों व युवाओं ने अपनी पसंद के अनुरूप पटाखे खरीदे।

वाहनों की हुई पूजा

लोगों ने दीपावली पर देवी लक्ष्मी के पूजन साथ अपने वाहनों का पूजन भी किया। वाहनों की धुलाई कर उन्हें सजाया व मुहूर्त के अनुसार पूजन किया।

आज भी मनाई जाएगी दिवाली

कई लोग शुक्रवार को भी दिवाली मनाएंगे। शुभ मुहूर्त में देवी लक्ष्मी का पूजन किया जाएगा। अन्नकूट महोत्सव की धुन भी रहेगी।

Leave a Comment