नगर निगम का अग्निशमन दल दीपावली को लेकर अलर्ट मोड पर है। निगम के दमकल बेड़े में 13 वाहन हैं, जिनमें से 12 वाहन ऑन रोड हैं। इनमें दो छोटी फायर ब्रिगेड और दस बड़ी दमकल गाडियां हैं। इस बार दीपावली पर दमकल के 12 वाहनों पर आग बुझाने का जिम्मा रहेगा। निगम अग्निशमन अधिकारी रेवंत सिंह के अनुसार दीपावली पर विशेष व्यवस्था के मध्यनजर अग्निशमन दल के कार्मिकों की ड्यटी राउण्ड द क्लॉक लगाई गई है। चौबीसों घंटे दल के कार्मिक अलर्ट स्थिति में रहेंगे। निगम अग्निशमन अधिकारी के अनुसार दीपावली पर विशेष व्यवस्था के तहत संभावित चार पुलिस थाना परिसरों में एक-एक फायर ब्रिगेड तैनात रहेगी। वहीं शेष अग्निशमन वाहन बीछवाल, मुरलीधर व्यास नगर और शिववैली अग्निशमन केन्द्र पर तैनात रहेंगे।
फायर अधिकारी के अनुसार दीपावली को लेकर निगम का अग्निशमन दल तैयार हैं। आग की घटना होने पर जल्द से जल्द फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया जाए, इसको लेकर तैयार हैं। इसके लिए शहर को चार भागों में बांटते हुए योजना तैयार की गई है। इनमें जयपुर रोड क्षेत्र, गंगाशहर-भीनासर क्षेत्र, पुराना शहर व एमडीवी तथा गंगानगर रोड क्षेत्र शामिल है। आग की घटना होने पर उपलब्ध संसाधनों का अधिकाधिक उपयोग करते हुए जल्द से जल्द आग पर काबू पाया जाए, यह प्राथमिकता में शामिल रहेगा।
सावधान का आज से प्रारंभ होगा केन्द्र
समाजसेवी संस्था सावधान इण्डिया का दीपावली पर तीन दिवसीय विशेष केन्द्र मंगलवार से प्रारंभ हो चुका है। संस्था अध्यक्ष दिनेश सिंह भदौरिया के अनुसार संस्था की ओर से 29 से 31 अक्टूबर तक मिनी फायर ब्रिगेड स्टेशन, मेडिकल हेल्प लाइन और गुमशुदा तलाश केन्द्र का संचालन किया जाएगा। केन्द्र पर संस्था के कार्यकर्ता चौबीसों घंटे तैनात हैं। भदौरिया के अनुसार आमजन सहायता के लिए मोबाइल नंबर 9414368077 पर सूचना दे सकते हैं। केन्द्र का उद्घाटन पवन सिंह भदौरिया एएसपी विजलीलेंस एण्ड क्राइम, कोटगेट थाना प्रभारी मनोज शर्मा, क्षत्रिय सभा अध्यक्ष करण प्रताप सिंह सिसोदिया व समाजसेवी विश्वजीत सिंह हरासर करेंगे।