कलक्टर बोले- ब्लैक स्पॉर्टस पर ध्यान दें, नहीं तो जिम्मेदार विभाग होंगे दोषी

धौलपुर. जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने कहा कि एनएचएआई के अधिकारी राजमार्ग पर ब्लैक स्पॉर्टस के मामले में उदासीनता न बरतें। यह लागों के जीवन का मामला है। उन्होंने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार विभागों को लापरवाह माना जाएगा। जिला कलक्टर शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सडक़ सुरक्षा विशेष टास्क फॉर्स एवं सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी विभाग जिनके विकास कार्यों के दौरान सडक़ को किसी प्रकार की क्षति होती है तो उसकी मरम्मत कराया जाना संबंधित कार्यकारी संवेदक से सुनिश्चित करें। सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आई रैड के डेटा को अध्ययन कर दुर्घटना निरोधात्मक कार्यवाही करें। सडक़ दुर्घटनाओं के कारणों और इसे रोकने के उपायों के संबंध में जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में दौसा के परियोजना निदेशक के नहीं पहुंचने पर जिला कलक्टर ने खासी नाराजगी जताई। डीएम ने मामले पीडब्ल्यूडी एसीएस को पत्र लिख कार्रवाई करने की बात कही। बता दें कि इससे पहले भी दौसा पीडी बैठकों में नदारद रह चुके हैं।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सम्भावित दुर्घटना प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर सांकेतिक बोर्ड एवं निर्धारित गति सीमा को नियंत्रित करने के लिए गति अवरोधक लगाना सुनिश्चित करें एवं दुर्घटना सम्भावित क्षेत्रों में दुर्घटना को रोकने के लिए विशेष ध्यान दिया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि एनएचएआई पेट्रालिंग कर लावारिस पशुओं को हाइवे से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित करे। उन्होंने जिले में सक़ दुर्घटनाओं के संभावित क्षेत्रों व ब्लैक स्पॉट, घुमावदार सडक़ तथा ब्लाइंड स्पॉट से पूर्व साइनेज लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन विभाग को बिना नम्बर के वाहनों के विरूद्ध ठोस कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर श्री निधि बी टी ने कहा कि सभी विभाग निर्धारित समय में सडक़ सुरक्षा के लिए दिए कार्य को पूरा करें जिससे सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने वॉटर वक्र्स चौराहे पर ट्रैफिक लाइट को शीघ्र दुरुस्त करने नगर परिषद धौलपुर को आदेशित किया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग बेहतर सामंजस्य एवं रणनीति बनाकर यातायात प्रबन्धन में सहयोग करें। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर धीरेन्द्र सिंह, जिला परिवहन अधिकारी देवानंदए अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक विभाग राजवीर सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ कमल कुमार जांगिड़ सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

डग्गेमार वैनों पर नहीं लग पाया अंकुश

शहर में गुलाब बाग स्थित ट्रेफिक प्वाइंट के पास से संचालित हो रही डग्गेमार वैनों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। बाड़ी में हुए भीषण सडक़ हादसे के बाद दो दिन वैन नदारद रही लेकिन फिर इन्होंने वापस यहां सर्विस लेन की सडक़ पर खुलेआम खड़े होकर सवारियां उठाना शुरू कर दिया है। वहीं, अन्य वैन यहां ट्रेफिक प्वाइंट के पीछे खड़े रहती है। खास बात ये है कि ट्रेफिक प्वाइंट होने के बाद भी डग्गेमार वैन संचालक खुले आम व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं।

शहर में व्यवस्था सुधारने के निर्देश

जिला कलक्टर ने शहर में ट्रेफिक व्यवस्था सुधारने के भी निर्देश दिए। कहा कि ऑटो, टैम्पो इत्यादि के मार्ग तय किए जाए, जिससे जाम की स्थिति न हो। साथ ही ओवरलोड ट्रेक्टर-ट्रॉली समेत अन्य वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

Leave a Comment