इन दिनों सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। हर मौसम में बिकने वाले सदाबहार आलू और प्याज भी बढ़े दामों की वजह से आम आदमी से दूर होते जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार बरसात के मौसम के बाद भी सब्जियों के भाव आसमान पर हैं। सावन से लेकर आश्विन नवरात्रा संपन्न होने के बाद भी हरी सब्जियों की कीमतें लगातार बढ़ रही है। दीपावली का पर्व भी नजदीक होने के बाद भी किसी भी हरी सब्जी के दाम कम नहीं हो रहे है। सब्जी के बढ़ते दामों ने आम आदमी के रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। हर साल बारिश के दिनों में सब्जियों की कीमतें थोड़ी कम हो जाती है, लेकिन इस बार भाव आसमान पर है। सबसे ज्यादा परेशानी दैनिक मजदूरी करने वालों को हो रही है, जिन्हें अपनी दैनिक मजदूरी में महंगी हरी सब्जी रोजाना खाना मुश्किल हो रहा हैं।
हरा धनिया व लहसुन भी गायब
सब्जी का जायका बदलने वाली हरी धनिया तो अधिकाश सब्जी दुकानों व हाथ ठेलों से गायब हो चुका है। सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि 300 रुपए किलो में कोई भी धनिया खरीदता ही नहीं, लाकर क्या करें ? हरा धनिया तो अब केवल बड़ी सब्जी की दुकानों में ही मिल रहा है। हरी धनिया सब्जी के साथ फ्री मिलता है, अब इसके भाव भी सातवें आसमान पर है। नाचना चौराहा के पास सब्जी की दुकान से व्यापार करने वाले सब्जी विक्रेता ने बताया कि आगे से ही सब्जियां महंगी आ रही है। लहसुन व हरी धनिया दुकानों पर मिल ही नहीं रहा। लहसुन के भाव चार सौ रुपए किलो के लगभग हो गए है।
100 रुपए प्रति किलो का आंकड़ा पार कर गए टमाटर
बाजार में सब्जी की दुकानों पर टमाटर 100 रुपए प्रति किलो का आंकड़ा पार कर गया हैं। टमाटर की कीमत आसमान छू रही हैं। हरी मिर्च 80 रुपए प्रति किलो लेकर 120 रुपए प्रति किलो तक बिक रही हैं, अन्य सब्जियों का भी यही हाल है। कोई भी कम भाव वाली सब्जी है तो भी वो 60 रुपए प्रति किलो से कम नहीं है।
डेढ़ से दो गुना हुए सब्जियों के दाम
सब्जियों के दामों की बात करें तो 20 रुपये किलो बिकने वाला आलू 40 रुपये में बिक रहा है, 20 रुपए किलो बिकने वाला टमाटर 80 से 120 रुपये में बिक रहा है। इसी तरह 30 से 40 रुपए किलो बिकने वाली फूल गोभी सौ रुपए में बिक रही है। इसके अलावा 30 रुपए किलो बिकने वाला प्याज साठ रुपये प्रति किलो में बिक रहा है, चालीस रुपये किलो बिकने वाली शिमला मिर्च 80 रुपए में बिक रही है। इसी तरह 30 रुपए किलो बिकने वाला खीरा 80 रुपए में बिक रहा है। इसके अलावा 40 रुपए बिकने वाला अरवी 80 रुपए में प्रति किलो में बिक रहा है। हरी प्याज 120 रुपए प्रति किलो के भाव से बिक रही है। इसके अलावा बैंगन 60 रुपए, ककड़ी 100 रुपए और लोकी 60 से 80 रुपए प्रति किलो है।
उम्मीद है कम होंगे दाम
आगे से हरी सब्जियां महंगी आ रही है। पोकरण मंडी से सब्जी लाते है। सब्जी लाने का किराया आदि जोड़ते हैं तो सब्जी के दाम बढ़ जाते हैं। फिर भी हरी सब्जी को बाजार में जो भाव है उस कीमत पर बेचते हैं। आगे सर्दी बढऩे पर हरी सब्जियों के दाम कुछ कम होने की उम्मीद हैं।
जीतू माली, सब्जी विक्रेता