बाड़मेर शहर सहित जिले में सोमवार को दोपहर में अचानक तूफानी बरसात बरसी। करीब 20 मिनट तक चली बरसात से सडक़ों पर पानी बह निकला। शहर में स्टेशन रोड और अस्पताल सहित अन्य इलाकों में तेज बरसात हुई, वहीं सिणधरी रोड व रीको क्षेत्र में बूंदाबांदी होकर रह गई। जिले में रविवार रात को सेड़वा सहित कुछ स्थानों पर बारिश हुई। बेमौसम की बरसात से जिले के ग्रामीण इलाकों में फसलों को नुकसान हुआ है। वहीं एक-दो स्थानों पर चने के आकार के ओले भी गिरे हैं।
तूफानी हवा के साथ बरसात
पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही का दौर रहा। इस दौरान दोपहर में अचानक घटाएं छा गई और हवा ठंडी चलने लगी। इसके बाद तूफानी हवा के साथ बरसात शुरू हुई। पहले बूंदाबांदी फिर मूसलाधार बरसात होने से सडक़ों पर पानी भर गया। वाहन चालकों को परेशानी हुई। ठेला संचालक और रेहड़ी पर सामान बेचने वाले तिरपाल से सामान को बचाने की जुगत करते दिखे।
सेड़वा में 42 एमएम बारिश
बाड़मेर के सेड़वा में बादल जमकर बरसे। क्षेत्र में सोमवार सुबह 8.30 बजे तक 42 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं रामसर में हल्की बरसात हुई। जिले में दूसरे दिन भी बरसात का दौर जारी रहा और बाड़मेर, शिव सहित कई क्षेत्रों के अलावा बलोतरा व जिले में भी कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ बादल बरसे।
अब पारे में आएगी गिरावट
मौसम विभाग ने आगामी कुछ दिनों में रात के तापमान में गिरावट की संभावना जताई है। बरसात के चलते हवा काफी ठंडी हो गई है। ऐसे में रात के पारे में तेजी से कमी आएगी। बाड़मेर में सोमवार को न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री दर्ज किया गया। अब पूर्वानुमान में पारे में करीब 2-3 डिग्री और अधिक की कमी आ सकती है।