जयपुर। अखंड सौभाग्य व सुख-समृद्धि का पर्व करवा चौथ आज कार्तिक कृष्ण चतुर्थी हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। वहीं आज करवा चौथ सर्वार्थ सिद्धि और शिव योग का संयोग बन रहा है। महिलाएं दिन में जहां चौथ माता व गणेशजी का पूजन कर कथा सुनेंगी, वहीं रात 8 बजकर 05 मिनट पर चंद्रोदय होने पर उसे अर्घ्य अर्पित करेंगी। करवा चौथ पूजा शुभ मुहूर्त आज शाम 5:46 मिनट से शुरू होगा और शाम 7:02 मिनट पर समाप्त होगा। यानी कुल 1 घंटे 16 मिनट का मुहूर्त होगा। गोपालजी का रास्ता स्थित चौथ माता मंदिर में आज सुबह से ही माता के पूजन के लिए महिलाओं की भीड़ नजर आई। मंदिर पुजारी चतुर्भुज शर्मा ने बताया कि सुबह माता का अभिषेक कर नवीन पोशाक धारण करवाई गई। माता का विशेष शृंगार किया गया। माता के दर्शन आज रात 11 बजे तक होंगे। बाजार में आज भी चीनी व मिट्टी के करवों की खरीदारी हो रही है। बाजार में 10 रुपए से लेकर 50 रुपए तक करवे बिक रहे हैं।
