– राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के पूर्वी इलाकों में बढ़ने लगा सर्दी का दौर
जयपुर। कल जैसे ही शरद पूर्णिमा का आगमन हुआ। राजधानी जयपुर में लोगों को गुलाबी ठंडक का अहसास हुआ। मौसम में आए इस बदलाव से अब प्रदेश में सर्दी का दौर शुरू हो गया है। राजधानी जयपुर में लोगों को सुबह-शाम सर्दी महसूस होने लगी है। वहीं ग्रामीण अंचल में करीब 10 दिन से लोगों को हल्की सर्दी का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि विंड पैटर्न में आए बदलाव से सर्दी का दौर और बढ़ेगा। प्रदेश में अच्छी खासी सर्दी का दौर जल्द शुरू होगा।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश के उत्तर पूर्व और पूर्वी इलाकों में सक्रिय कम वायुदाब क्षेत्र का असर अब खत्म हो गया है। ऐसे में अब अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहेगा। दिन के अलावा रात के तापमान में तेजी गिरावट होने पर सर्दी का जोर बढ़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिन प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। प्रदेश के शेखावाटी और हाड़ौती अंचल में रात के तापमान में अब तेजी से गिरावट होने लगी है। शेखावाटी के सीकर और फतेहपुर में रात में पारा कम दर्ज हो रहा है। हालांकि प्रदेश के पश्चिमी मैदानी इलाकों में अभी गर्मी तीखे तेवर दिखा रही है। माना जा रहा है कि आगामी दिनों में पश्चिमी मैदानी इलाकों में भी दिन और रात में पारे में गिरावट होने की संभावना है। जिसके चलते फिलहाल रात में गुलाबी सर्दी की आहट लोगों को महसूस हो सकेगी।
चलेंगी तेज गति से पुरवाई हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आगामी दिनों में मौसम के मिजाज में बड़े बदलाव के फिलहाल कोई आसार नहीं है। आगामी दिनों में दिन और रात के तापमान में आंशिक गिरावट होने की संभावना है वहीं अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने वाला है। आसमान साफ रहने व तेज गति से पुरवाई हवाएं चलने पर रात के तापमान में और अधिक तेजी से गिरावट होने पर गुलाबी सर्दी का जोर बढ़ने का पूर्वानुमान है।