अखाड़ों ने किया हैरतअंगेज प्रदर्शन, मुंह से निकाले आग के गोले, दांतों से खींची गाड़ी

जोधपुर. विजयादशमी का पर्व शहर में हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। भीतरी शहर से निकली भगवान श्री राम की शोभायात्रा में शहर के प्रमुख अखाड़ों ने हैरतंगेज करतब दिखाए। जिसमे मुंह से आग निकालना, भाला लाठी चलाना, सिर पर पत्थर की शिला तोड़ना, शरीर के ऊपर से मोटरसाइकिल निकालना, दांत से रस्सी पकड़कर गाड़ी खींचना जैसे अचंभित करने वाले प्रदर्शन किए। अखाड़ों के प्रदर्शन ने लोगों का मन मोह लिया। अखाड़ों में युवकों के साथ ही युवतियों ने शस्त्र संचालन का भरपूर प्रदर्शन किया।

इससे पूर्व शाही सवारी के दर्शन कर भीतरी शहर राममय हो गया। मेहरानगढ़ दुर्ग में स्थित मुरली मनोहर मंदिर में निगम अधिकारियों ने श्रीराम की पूजा अर्चना कर रामरथ रवाना किया। रामजी की तस्वीर को खासे में रखकर शाही ठाठ से फतेहपोल तक लाया गया। जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। इकमिनार की मस्जिद के पास ईद मिलादुन्नबी जलसा समिति की ओर से रामजी की सवारी व अखाड़ों के दलाधिपतियों का स्वागत किया गया।

23 अखाड़े हुए शामिल
फतेहपोल से निकली सवारी के साथ मारवाड़ अखाड़ा महासंघ संघ के अध्यक्ष व मेला संयोजक कानराम मोहनोत के नेतृत्व में करीब 23 अखाड़ों के कार्यकर्ता रामसेना के रूप में शक्ति प्रदर्शन करते चल रहे थे।

Leave a Comment