पोकरण कस्बे में दुर्गाष्टमी व नवमी का पर्व शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिसके अंतर्गत कस्बे के विभिन्न देवी मंदिरों में हवन व यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। शारदीय नवरात्रा के मौके पर गत एक सप्ताह से कस्बे के देवी मंदिरों में देवी मां के जयकारे गूंज रहे है और यहां सुबह शाम दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ रही है। शुक्रवार को दुर्गाष्टमी के मौके पर प्रसिद्ध देवी मंदिर आशापुरा माता मंदिर, खींवज माता मंदिर, संच्चियाय माता मंदिर, कालका माता मंदिर, धरज्वल माता मंदिर, चामुंडा माता मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना व हवनात्मक यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार शुक्रवार को ही नवमी का भी पर्व मनाया जाएगा। जिसके चलते व्यासों की बगेची स्थित जाज्वला माता मंदिर, मेहरलाई तालाब स्थित हिंगलाज माता मंदिर व रामनाथ महाराज के आश्रम में स्थित लटियाल देवी मंदिर में भी शुक्रवार को हवनात्मक यज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
करणी माता मंदिर में किया हवन
कस्बे के करणी माता मंदिर में गुरुवार को होमाष्टमी का पर्व मनाते हुए यज्ञ का आयोजन किया गया। आचार्य पंडित घनश्याम पालीवाल व पूनमगिरी के सानिध्य में यजमान रघुदान रतनू केलावा, हिंगलाजदान रतनू बांधेवा, राजेश उज्ज्वल, सुभाष उज्ज्वल, दिनेश उज्ज्वल की ओर से हवन में आहुतियां दी गई। हवन के बाद आरती की गई।