मावली (उदयपुर). मावली बचाओ प्रजातांत्रिक संघर्ष समिति की ओर से मावली के उप जिला चिकित्सालय को मावली में ही रखने की मांग को लेकर सोमवार से तहसील कार्यालय के बाहर शुरू भूख हड़ताल तीसरे दिन बुधवार को समाप्त हुई। इसे लेकर एसडीएम ने तहसीलदार को मावली-उदयपुर रोड पर नवोदय विद्यालय के सामने चारागाह भूमि पर आवंटन के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा है।
संघर्ष समिति के सदस्यों ने बताया कि उप जिला चिकित्सालय को मावली से दूर लदानी ले जाने के विरोध में कई संगठनों ने प्रशासन को ज्ञापन भी दिया था और मावली मुख्यालय पर ही इसे रखने की मांग की थी। इसके बाद नगरपालिका उप चेयरमैन भूपेन्द्र गुर्जर, अल्ताफ खां, लव गुर्जर, असरार शेख और सुनिल चौधरी सोमवार को मावली के उप जिला चिकित्सालय को मावली में ही रखने की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठ गए। मंगलवार रात्रि को उप चेयरमैन भूपेंद्र गुर्जर की तबीयत भी खराब होने पर प्रशासन ने उन्हें चिकित्सालय ले जाकर उपचार करवाया। इसके बाद भी भूख हड़ताल जारी रही। वहीं, बुधवार सुबह मावली उपखंड अधिकारी रमेश सीरवी पुनाडि़या ने तहसीलदार रमेशचंद्र वडेरा को आदेश जारी कर उप जिला चिकित्सालय की भूमि को राजस्व ग्राम मावली पटवार हल्का मावली के आराजी संख्या 4126/2375 चारागाह भूमि में चिह्नित कर नियमानुसार आवंटन प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं, भूख हड़ताल पर बैठने वाले सदस्यों को आदेश की प्रति देकर उनकी मांग मानते हुए जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त करवाई।
इनका कहना है…
मावली वासियों की मांग थी कि उप जिला चिकित्सालय मावली में ही रहे, इसके अनुरूप तहसीलदार को मावली-उदयपुर रोड पर मावली नवोदय स्कूल के सामने वाली आराजी संख्या 4126/2375 चारागाह भूमि के लिए प्रस्ताव बनाने को निर्देश दिए है।
-रमेश सीरवी पुनाडि़या, एसडीएम, मावली