जिम्मेदार ही व्यापार की कमर तोडऩे में लगे हुए हैं

-आओ बाजार चले
-हाथी पेाल से अजमेरी गेट तक बाजार का हाल बेहाल

नागौर. हाथी पोल से लेकर अजमेरी गेट तक सडक़ों की खराब हालत, और गंदगी की वजह से दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। अब इसी माह दीपावली का पर्व भी है। ऐसे में दुकानदारों को उम्मीद थी कि सडक़ नए सिरे से बनेगी, और सफाई व्यवस्था की स्थिति भी बेहतर होगी तो फिर कारोबार भी दौडऩे लगेगा। यह उम्मीद भी अब भारी पडऩे लगी है। महज 23 दिन बाद दीपावली है, मगर सडक़ों की हालत वैसी ही है। सफाई की हालत यह है कि हर जगह लगे कचरे के ढेरों के साथ सडक़ से उड़ती धूल इनकी उम्मीदों पर अब पानी फेरती हुई नजर आ रही है। इसको लेकर स्थानीय दुकानदारों में असंतोष की स्थिति बन गई है। दुकानदारों का मानना है कि टैक्स लेने के बाद भी उनको मूलभूत सुविधाएं तक नहीं दी जा रही है। ऐसे में व्यापार कैसे चलेगा।
दुकानदार बोले:
हाथी पोल से लेकर अजमेरी गेट तक पूरी सडक़ ही टूट चुकी है। दीपावली भी आ रही है। बाजार में ग्राहक आएंगे, लेकिन टूटी सडक़ के कारण आने से लोग अभी से ही कतराने लगे हैं। सडक़ बेहतर होने के साथ ही इस पूरे क्षेत्र की सफाई हो जाती तो अच्छा रहता।
वीरपाल सिंह, दुकानदार, हाथी पोल
वास्तव में बेहद शर्मनाक स्थिति है कि सरकार तो सुविधाओं को मुहैया कराने की बात करती है, लेकिन स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी तो इस पूरे व्यापार की कमर तोडऩे का काम कर रहे हैं। खराब सडक़, पार्किंग व्यवस्था का अभाव सरीखी समस्याओं में ही फंसे हुए हैं तो फिर क्या व्यापार होगा।
कमल सैनी, दुकानदार, हाथी पोल
हाथी पोल बाजार: विशेषता
यहां पर एसबीआई बैंक की मुख्य शाखा के साथ ही ईमित्र एवं सामान्य जनरल स्टोर और मोबाइल मरम्मत की दुकानें हैं। यह मार्ग शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल है। यहां पर सुबह छह बजे से लेकर रात्रि दस बजे तक यातायात चालू रहता है।

Leave a Comment